लॉकडाउन में बदलीं पढ़ने की आदतें / एक घंटे से ज्यादा अखबार पढ़ने वाले लोगों की संख्या बढ़कर दोगुने से ज्यादा हुई
लॉकडाउन में बदलीं पढ़ने की आदतें / एक घंटे से ज्यादा अखबार पढ़ने वाले लोगों की संख्या बढ़कर दोगुने से ज्यादा हुई
- एवांस फील्ड एंड ब्रांड सॉल्यूशंस एलएलपी का सर्वे- लॉकडाउन के बाद ऐसे पाठकों की संख्या 16% से बढ़कर 38% हुई
- सर्वे में 15 मिनट से कम समय में अखबार पढ़ने वाले पाठक महज 3% मिले, लॉकडाउन से पहले इनकी संख्या 14% थी
नई दिल्ली. देशभर में लागू लॉकडाउन ने लोगों की पढ़ने की आदतों में बड़ा बदलाव किया है। एक राष्ट्रीय सर्वेक्षण से पता चला है कि विश्वसनीयता के चलते अखबारों से पाठकों का जुड़ाव और गहरा हुआ है। एवांस फील्ड एंड ब्रांड सॉल्यूशंस एलएलपी ने लॉकडाउन के दौरान पाठकों के अखबार पढ़ने के समय पर राज्यों में सर्वेक्षण किया है। इसके मुताबिक देश में करीब 38% पाठक रोज एक घंटे से ज्यादा समय अखबार पढ़ने के लिए दे रहे हैं। जबकि लॉकडाउन से पहले ऐसे पाठकों की संख्या 16% थी।
13 अप्रैल से 16 अप्रैल के बीच फोन के माध्यम से अलग-अलग राज्यों में हुए इस सर्वेक्षण से कई अहम निष्कर्ष निकले हैं। इससे न केवल पाठकों के अखबार पढ़ने के तरीके में बदलाव का पता चलता है बल्कि पढ़ने के वक्त में बड़े परिवर्तन की भी जानकारी मिलती है। मसलन, लॉकडाउन से पहले 42% पाठक अखबार को 30 मिनट से ज्यादा समय देते थे। अब 30 मिनट से ज्यादा समय तक अखबार पढ़ने वाले पाठकों की संख्या बढ़कर 72% हो गई है।
58% लोग एक बार में पूरा अखबार पढ़ लेते हैं
वहीं, सर्वे में ऐसे पाठक महज 3% मिले, जो 15 मिनट से कम समय अखबार पढ़ते हैं। जबकि लॉकडाउन से पहले इनकी संख्या 14% तक थी। लॉकडाउन से पहले जो पाठक अखबार पढ़ने के लिए औसतन 38 मिनट का समय देते थे, अब वे 60 मिनट तक का समय दे रहे हैं। यह भी पता चला कि 58% लोग एक बार में पूरा अखबार पढ़ लेते हैं, जबकि 42% पाठक ऐसे हो गए हैं जो अब सुबह से रात तक अलग-अलग वक्त में अखबार पढ़ते हैं, यानी अखबार से अब उनका जुड़ाव बढ़ रहा है।

Comments
Post a Comment