कोरोना ने हमें बता दिया कि हम एक-दूसरे पर कितने निर्भर हैं : नरेंद्रन
कोरोना महामारी और लॉकडाउन ने हमें बता दिया है कि हम अपनी सुरक्षा और अस्तित्व के लिए एक-दूसरे पर कितने निर्भर हैं। यह कहना है टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन का। एथिक्स मंथ पर आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम में नरेद्रन ने कहा कि हमें अपने हितधारकों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उनकी चिंता, भय और उनके प्रति सहानुभूति रखते हैं। कोरोना ने हमें अपने लक्ष्यों को दोहराने के लिए मजबूर किया है। वर्तमान में सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य किसी भी ऑर्गनाइजेशन के अपने लोगों और व्यापार का अस्तित्व बनाये रखना है। एथिक्स पर टाटा समूह का कोड इसका प्रतिनिधित्व करता है। दर्शन, विश्वास और मूल्य यह हमारे हितधारकों के भरोसे का सबसे महत्वपूर्ण कारण है। मुश्किल समय में हमने सुनिश्चित किया है कि हम उनके प्रति जिम्मेदारी से खड़े हैं। टाटा स्टील समुदायों के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील बने रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं।हो रहे कई आयोजन : टाटा स्टील एथिक्स मंथ मना रही है। इस वर्ष का थीम है - जिम्मेदार मैं, जिम्मेदार हमलोग। कार्य स्थल पर कर्मचारी और हितधारकों में नैतिक प्रथाओं को विकसित करने की परंपरा को ध्यान में रख कर यह कार्यक्रम हो रहा है। इस उपलक्ष्य में इस वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। लघु फिल्म प्रतियोगिता, कहानी और जिंगल प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी, स्लोगन प्रतियोगिता ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जा रही है। इसके अलावे एथिक्स जोन, एथिक्स डाइलेमा,अब क्या करें, विषय पर वेबिनार, मूल्य को सुदृढ़ करने के लिए विचार-विमर्श, वाद-विवाद प्रतियोगिता और ऑनलाइन संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

Comments
Post a Comment